मैथिली अकादमी बंद होने से नाराज़ मिथिला संघ ने आयुक्त कार्यालय के सामने दिया धरना,रखी अपनी मांग।
मैथिली अकादमी बंद होने से नाराज़ मिथिला संघ ने आयुक्त कार्यालय के सामने दिया धरना,रखी अपनी मांग।
मैथिली अकादमी बंद होने से नाराज़ मिथिला संघ ने आयुक्त कार्यालय के सामने दिया धरना,रखी अपनी मांग।
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /गुड्डू राज
अखिल भारतीय मिथिला संघ,दरभंगा की ओर से शुक्रवार को लहेरियासराय स्थित आयुक्त कार्यालय,दरभंगा प्रमंडल के सामने एक दिवसीय धरना दिया गया। यह धरना पटना में स्थित मैथिली अकादमी में ताला लगाए जाने के विरोध में आयोजित किया गया। धरने का मुख्य उद्देश्य सरकार से मांग करना था कि मैथिली अकादमी को फिर से सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से चलाया जाए तथा वहां से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा पदस्थापित किया जाए।
धरने की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष विनय कुमार झा उर्फ संतोष झा ने की। कार्यक्रम का संचालन मिथिला संघ के उपाध्यक्ष रामनाथ पंजीयार ने किया। धरने में बड़ी संख्या में मिथिला प्रेमी,छात्र,समाजसेवी और संगठन के सदस्य शामिल हुए। धरना को संबोधित करते हुए युवा छात्र नेता दीपक झा ने कहा कि मैथिली अकादमी में ताला लगाना पूरे मिथिला क्षेत्र और यहां के करोड़ों मैथिली भाषी लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि मैथिली भाषा,साहित्य और संस्कृति के संरक्षण और विकास के लिए मैथिली अकादमी का सुचारू रूप से चलना बहुत जरूरी है। यदि सरकार जल्द इस पर ध्यान नहीं देती है तो युवा और छात्र वर्ग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। समाजसेवी प्रियंका झा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सिर्फ एक अकादमी पर ताला नहीं है,बल्कि यह मिथिला की संस्कृति पर ताला लगाने जैसा है। उन्होंने कहा कि इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर सरकार उनकी मांगों को नहीं सुनती है तो मिथिला क्षेत्र से लेकर पटना तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जनप्रतिनिधियों पर भी दबाव बनाया जाएगा।
छात्र नेता शरद सिंह ने कहा कि मिथिला क्षेत्र के लोगों ने चुनाव में एनडीए को बड़ी जीत दिलाई,लेकिन बदले में सरकार मैथिली अकादमी को बंद कर इस क्षेत्र की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने सरकार से तुरंत फैसला बदलने की मांग की।
संघ के अध्यक्ष विनय कुमार झा उर्फ संतोष झा ने कहा कि मैथिली अकादमी से अब तक कई महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। यह संस्था मिथिला की एक बड़ी धरोहर है। इसके साथ किसी भी तरह की उपेक्षा मैथिली समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि धरने के माध्यम से आयुक्त और जिला अधिकारी से यह मांग की गई है कि वे उनकी बात बिहार सरकार तक पहुंचाएं। अगर मांगें पूरी नहीं होती हैं तो अखिल भारतीय मिथिला संघ लगातार संघर्ष करता रहेगा। धरने को कुंदन सिंह क्रांति,राघवेंद्र झा,विभूति झा,अमन,समीर अलफाज सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में मैथिली अकादमी को तुरंत चालू करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में प्रवक्ता रौशन कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। धरना स्थल पर मुन्ना कुमार,विपिन कुमार सिंह,गणेश मंडल,संजय राम,राकेश कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।