ठंड, धुंध और अंधेरे को मात देती सिंहबाड़ा पुलिस की रतजगा मुहिम, चौकीदारों के साथ खुद सड़कों पर उतरे थानाध्यक्ष
दस्तक 7मीडिया ,सिंहबाड़ा /विजय ठाकुर
सिंहबाड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए पुलिस ने अब आक्रामक रणनीति अपनाई है। ठिठुरन भरी ठंड, घनी धुंध और स्याह अंधेरे के बावजूद सिंहबाड़ा थाना की पुलिस अपने पूरे क्षेत्र में रतजगा कर रही है। सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि चौकीदारों को भी पूरी तरह सजग कर उनके कर्तव्यों का बोध कराया जा रहा है, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
खास बात यह है कि सिंहबाड़ा थाना के थानाध्यक्ष स्वयं रात्रि गश्ती में किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहते। इसी क्रम में वे चौकीदारों और पुलिस टीम के साथ देर रात तक गांव-गांव घूमते नजर आ रहे हैं। एक ओर कड़ाके की ठंड और धुंध, दूसरी ओर अंधेरे में फैले कई गांव ,ऐसे हालात में भी पुलिस उन गलियों और घरों तक पहुंच रही है, जहां रात में जाने से आम लोग भी कतराते हैं।
i
स्थानीय लोगों के लिए यह नजारा किसी आश्चर्य से कम नहीं है। लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा कि इस भीषण ठंड में भी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ उनके इलाकों की निगरानी कर रही है। यही कारण है कि थाना क्षेत्र के ग्रामीण पुलिस पर भरोसा जताते हुए गरम कपड़ों में रजाई के अंदर निश्चिंत होकर गहरी नींद ले पा रहे हैं।
दरअसल, कुछ दिन पूर्व सिंहबाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ही दिन चार घरों में चोरी की घटना सामने आई थी। इसके अलावा जाले और सिमरी थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें हुई थीं। हालांकि पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार छापेमारी से कई चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, लेकिन सिंहबाड़ा थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामलों का अब तक ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
