पूर्णिया में 26 दिसंबर को होगा भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे जनता की समस्याएं

दस्तक 7मीडिया /पटना

पूर्णिया। जिले में भूमि एवं राजस्व से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर 26 दिसंबर 2025 को भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार विजय कुमार सिन्हा आम नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी, पूर्णिया में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित होगा। संवाद के दौरान राजस्व से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद एवं अन्य लंबित मामलों को लेकर आमजनों की शिकायतें सुनी जाएंगी और उनके समाधान की प्रक्रिया मौके पर शुरू की जाएगी।

इस अवसर पर अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी शिकायतकर्ताओं के समक्ष उपस्थित रहकर समस्याओं पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में राजस्व विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी, कर्मचारी तथा जिले के आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले शिकायतकर्ताओं का पंजीकरण सुबह 09:00 बजे से 10:30 बजे तक अंचलवार किया जाएगा। आवेदन के साथ नाम, पूरा पता एवं मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा, ताकि शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी एसएमएस के माध्यम से संबंधित आवेदक को दी जा सके।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का लाभ उठाएं।