गौड़ा बौराम, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की बयार, बीपीआरओ सुजीत कुमार को मिला बीईओ का अतिरिक्त कमान, अभिभावकों से अपील,अपने बच्चों को हर दिन भेंजे स्कूल,

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल के गौड़ा बौराम प्रखंड में शिक्षा की तस्वीर बदलने वाली है। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सुजीत कुमार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद से क्षेत्र की शैक्षणिक गतिविधियों में एक नई ऊर्जा देखी जा रही है। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि बच्चों का भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।


प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी ने प्रखंड के सभी शिक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण रूप से ईमानदार होने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं, इसलिए स्कूलों में समय पर उपस्थिति और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी सुजीत कुमार ने केवल प्रशासनिक सख्ती ही नहीं दिखाई, बल्कि क्षेत्र के अभिभावकों से भी एक अभिभावक के तौर पर संवाद किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा जीवन में सफलता के शिखर को छुए, तो उसकी शिक्षा के प्रति आपको संवेदनशील होना होगा। शिक्षा वह एकमात्र पूंजी है जिसे न कोई चुरा सकता है और न कोई बांट सकता है। यही वह ताकत है जो आपके परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
बीपीआरओ के इस सक्रिय रुख से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। लोगों का मानना है कि यदि प्रशासनिक स्तर पर इसी तरह की निगरानी बनी रही, तो सरकारी स्कूलों की स्थिति में जल्द ही बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को हर दिन स्कूल भेजें। स्कूल से आने के बाद बच्चों से पूछें कि आज उन्होंने क्या सीखा। शिक्षकों के साथ तालमेल बिठाएं और स्कूल की गतिविधियों में हिस्सा लें।
बुद्धिजीवियों का मानना है कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य का आधार है। गौड़ा बौराम प्रखंड में यह पहल तभी सफल होगी जब प्रशासन, शिक्षक और अभिभावक एक साथ मिलकर कदम बढ़ाएंगे।