“प्रशासन गाँव की ओर” : आम जनता के द्वार तक पहुँचेगी सरकारी सेवाएँ

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में “प्रशासन गाँव की ओर–2025” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक विशेष अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को आम नागरिकों के और अधिक निकट लाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।

अभियान के अंतर्गत जिले के सभी पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ आम जनता की शिकायतों का मौके पर निष्पादन, सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा वंचित एवं पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

अब तक जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा प्राप्त अनेक आवेदनों का सफल निष्पादन कर आम नागरिकों को राहत प्रदान की गई है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी सुपात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।

इस कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति/आय/निवास प्रमाण-पत्र, भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामले सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है।

जिला प्रशासन, दरभंगा आम नागरिकों से अपील करता है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अभियान का लाभ उठाएँ, अपनी समस्याएँ दर्ज कराएँ तथा सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त करें।