बिहार में आईपीएस अधिकारियों की बड़ी पदोन्नति, तीन बने पुलिस महानिरीक्षक, 2013 बैच के 12 अधिकारियों को प्रवर कोटि का दर्जा

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। इन अधिसूचनाओं के तहत जहां वर्ष 2008 बैच के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर प्रोन्नति दी गई है, वहीं वर्ष 2013 बैच के 12 आईपीएस अधिकारियों को कनीय प्रशासनिक कोटि से प्रवर कोटि में पदोन्नत किया गया है। सभी पदोन्नतियां 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी।

जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार,  संजय कुमार एवं विवेकानन्द को पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) कोटि से पदोन्नत कर पुलिस महानिरीक्षक (IG) कोटि में प्रोन्नति दी गई है।

वहीं दूसरी अधिसूचना में वर्ष 2013 बैच के 12 आईपीएस अधिकारियों को कनीय प्रशासनिक कोटि से प्रवर कोटि में पदोन्नति प्रदान की गई है। पदोन्नति पाने वालों में  मनीष,  जगुनाथरेड्डी जलारेड्डी, विशाल शर्मा,  उपेन्द्र नाथ वर्मा, गौरव मंगला,  डी. अमरकेश,  राकेश कुमार,  बीना कुमारी,  मो. सैफुर्रहमान,  राजेश कुमार,  पंकज कुमार एवं अशोक कुमार प्रसाद शामिल हैं।

गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन पदोन्नतियों से किसी भी अधिकारी का वर्तमान पदस्थापन प्रभावित नहीं होगा।

यह आदेश बिहार राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है। अधिसूचनाओं की प्रतिलिपि सभी संबंधित विभागों, कोषागारों तथा भारत सरकार के गृह मंत्रालय को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।