मतदाता सूची से हटेंगी धुंधली और गड़बड़ तस्वीरें,
एसडीओ शशांक राज ने बुलाई विशेष बैठक,दिए निर्देश।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

भारत निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्देशानुसार, 78-कुशेश्वरस्थान (अ०जा०) विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित बनाने के लिए कवायद तेज कर दी गई है। इसको लेकर अनुमंडल सभागार में प्रशिक्षण सह बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मतदाता सूची में मौजूद धुंधली, आयामीरहित और गैर-मानव तस्वीरों की पहचान कर उनका सत्यापन करने, इसके साथ ही, सूची में मौजूद अतार्किक त्रुटियों और अस्पष्ट प्रविष्टियों को हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर सतर्कतापूर्वक करने का निर्देश दिए। अनुमंडल पदाधिकारी श्री राज ने कहा कि इसके लिए संबंधित प्रखंड मुख्यालय में 24 और 25 दिसंबर को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। इन कैंपों में बीएलओ को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे मतदाता सूची में सुधार का कार्य सही ढंग से कर सकें। यह प्रशिक्षण सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सुपरवाइजरों द्वारा दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध किया जा सके।