बहेड़ी अंचल कार्यालय में दोपहर 12:30 बजे तक पसरा रहा सन्नाटा, ताले में बंद मिले सभी कक्ष

दस्तक 7मीडिया ,बहेड़ी /दरभंगा 

दरभंगा जिला अंतर्गत बहेड़ी प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में मंगलवार को घोर लापरवाही का मामला सामने आया। दिन के करीब 12.30 बजे तक अंचल कार्यालय में सभी पदाधिकारी एवं कर्मी गायब पाए गए। हैरानी की बात यह रही कि कार्यालय के सभी कक्षों में ताले लटके हुए थे और किसी भी कर्मचारी की उपस्थिति नहीं दिखी।

कार्यालय के बाहर दूर-दराज से आए फरियादी और आम नागरिक अपने जरूरी कार्यों को लेकर घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। भूमि से संबंधित कार्य, दाखिल-खारिज, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। अक्सर कार्यालय समय में भी पदाधिकारी एवं कर्मी कार्यालय से नदारद रहते हैं, जिससे आम जनता को बार-बार लौटना पड़ता है। इस तरह की कार्यशैली से सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नागरिकों का कहना है कि सरकार एक ओर समय पर कार्यालय संचालन और जनता को बेहतर सेवाएं देने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों से विमुख नजर आ रहे हैं।

अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या संज्ञान लेता है और संबंधित पदाधिकारियों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।