गौड़ाबौराम में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला आयोजित, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

दस्तक 7मीडिया /गौड़ा बौराम/अमित झा 

दरभंगा जिले के गौड़ाबौराम प्रखंड कार्यालय के तत्वावधान में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। यह मेला खेल मैदान, खोड़ा गाछी, बिरौल में आयोजित होगा।

यह रोजगार मेला जीविका के माध्यम से दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियाँ भाग लेकर रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

मेले के दौरान युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण हेतु आगे बढ़ाया जाएगा। कई प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों को ऑन द स्पॉट नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

इस रोजगार मेले में सिक्योरिटी सेक्टर से हॉप केयर, सेल्स क्षेत्र से नवभारत फर्टिलाइजर, एलएनजे कंपनी, बीमा क्षेत्र से एल.आई.सी., आमधनी, आगा खान फाउंडेशन सहित दर्जनों प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त जिला ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) भी युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण एवं पंजीकरण की सुविधा प्रदान करेगा।

जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने बताया कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के अवसरों को समझने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि DDU-GKY के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण संस्थानों में युवाओं को निःशुल्क आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से मेले में भाग लेने की अपील की।

वहीं संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि अधिकतम युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कौशल रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर रोजगार मेले की जानकारी दी जा रही है। साथ ही जीविका के सामुदायिक संगठनों की बैठकों एवं जीविका दीदियों के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना पहुँचाई गई है। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से भी युवाओं को इस मेले के प्रति जागरूक किया गया है।