बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को किया गया सम्मानित

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

समाहरणालय अवस्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक  जगुनाथ रेड्डी द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन कार्य में संलग्न विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रोत्साहित करना तथा उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देना था। सम्मानित कर्मियों ने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में अपने अनुभव साझा किए।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 का सफल संचालन सभी कर्मियों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन अवधि के दौरान किसी भी कर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी ने अपने संबोधन में कहा कि निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। उन्होंने सभी कर्मियों को धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री बालेश्वर प्रसाद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा सभी सम्मानित कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी गई।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व)  मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच)  राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता  पवन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी  सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।