अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक, थानाध्यक्षों को विशेष कार्रवाई के आदेश
अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक, थानाध्यक्षों को विशेष कार्रवाई के आदेश
अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक, थानाध्यक्षों को विशेष कार्रवाई के आदेश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में नगर क्षेत्र को अतिक्रमण-मुक्त करने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निरंतर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने समाहरणालय मुख्य सड़क के दोनों ओर खड़ी बाइकों को निर्धारित पार्किंग स्थल में लगवाने का सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समाहरणालय परिसर के मुख्य मार्ग पर नो-पार्किंग बोर्ड लगाने तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि दिल्ली मोड़ से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, सभी थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि भारी वाहन शहर के बाहर के मार्गों से ही आवागमन करें।
दरभंगा टावर, इनकम टैक्स चौराहा, लोहिया चौक सहित अन्य प्रमुख स्थलों को अतिक्रमण-मुक्त कराने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने का आदेश दिया गया। नगर थाना प्रभारी को दरभंगा टावर क्षेत्र में सख्ती से अतिक्रमण हटाने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही डीएमसीएच परिसर को भी अतिक्रमण-मुक्त कराने का निर्देश दिया गया। सड़कों एवं फुटपाथों पर अवैध कब्जा, दुकानें, ठेला-फेरी आदि को चिन्हित कर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को नगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान लगातार चलाने का निर्देश दिया।
बाइक पर ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने पर विशेष रूप से कड़ी कार्रवाई करते हुए निर्धारित जुर्माना सुनिश्चित करने को कहा गया।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को लोहिया चौक से एकमी घाट तक तथा लोहिया चौक से दारू भट्टी चौक तक सड़क का डीमार्केशन कराने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण-नियमन के लिए यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
अंत में जिलाधिकारी ने आम नागरिकों, वाहन चालकों, व्यवसायियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि नगर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अतिक्रमण-मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, जिससे शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।