हिजाब विवाद पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सामाजिक सौहार्द के पक्षधर– संजय सिंह पप्पू सिंह

दस्तक7मिडिया, अलीनगर, दरभंगा।

दरभंगा पूर्वी जिला भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री श्री संजय सिंह पप्पू सिंह ने हिजाब विवाद को लेकर विपक्ष के बयान और राजनीति पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार हमेशा से महिलाओं का सम्मान करते रहे हैं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उनका कदम सराहनीय रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सामाजिक समरसता,आपसी भाईचारे और कानून के दायरे में रहकर फैसले लेने वाले नेता रहे हैं, लेकिन विपक्ष जानबूझकर इस संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है।
श्री पप्पू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कभी भी किसी वर्ग, समुदाय या धर्म के खिलाफ भेदभाव की राजनीति नहीं की। उनका पूरा राजनीतिक जीवन सद्भाव, विकास और सामाजिक न्याय को समर्पित रहा है। ऐसे में हिजाब जैसे मुद्दों पर उन्हें घेरने की कोशिश करना विपक्ष की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही विकास का कोई रोडमैप, इसलिए वह समाज को बांटने वाले विषयों को उछालकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहता है। भाजपा ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करती है जो समाज में तनाव और भ्रम फैलाने का काम करे।
संजय सिंह पप्पू सिंह ने स्पष्ट कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों संविधान, कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। किसी भी मुद्दे का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से होना चाहिए, न कि भड़काऊ राजनीति के जरिए।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे विपक्ष के बहकावे में न आएं और विकास, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ खड़े रहें। भाजपा प्रदेश और देश में सुशासन और समावेशी विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी।