आरटीपीएस लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन व आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधार पर डीएम ने की समीक्षा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

एनआईसी दरभंगा से जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आरटीपीएस (लोक सेवाओं का अधिकार) काउंटर पर प्राप्त आवेदनों की संख्या एवं लंबित आवेदनों के त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की समीक्षा करना था। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आरटीपीएस से जुड़ी सेवाओं के प्रति आमजनों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए, ताकि पात्र लाभुक समय पर आवेदन कर सकें और किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबित आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अब तक आंगनबाड़ी केंद्र हेतु भूमि चिन्हित नहीं की गई है, वहां शीघ्र चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। इसके अतिरिक्त, जर्जर भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने तथा आवश्यकता अनुसार मरम्मत अथवा नए भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों एवं माताओं के पोषण एवं समग्र विकास से सीधे जुड़े हैं, इसलिए इनके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित अनुश्रवण करने एवं प्रगति प्रतिवेदन समय-समय पर जिला स्तर को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस)  चांदनी सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।