नये उद्योगों को प्रोत्साहन : डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, हर शुक्रवार होगा “उद्योग संवाद”

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

जिले में नये उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, दरभंगा तथा उप महाप्रबंधक, बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा), दरभंगा उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिले में औद्योगिक भूमि की उपलब्धता, औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित इकाइयों की वर्तमान स्थिति एवं नये उद्योगों की स्थापना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने हेतु विभागों के बीच समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक शुक्रवार को “उद्योग संवाद” कार्यक्रम का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए।

उन्होंने कहा कि उद्योग संवाद के माध्यम से संभावित एवं इच्छुक उद्यमियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं का त्वरित समाधान संभव हो सके और उद्योग स्थापना की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बने।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उप महाप्रबंधक, बियाडा, दरभंगा एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, दरभंगा अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन मिलने वाले उद्योग लगाने के इच्छुक उद्यमियों को अनिवार्य रूप से उद्योग संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें विभागीय मार्गदर्शन, भूमि उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं की समुचित जानकारी मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में उद्योगों की स्थापना से रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।