जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं आमजन की समस्याएं, आधे से अधिक मामलों का त्वरित समाधान,

40 से अधिक परिवादी हुए उपस्थित, शेष मामलों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता के दरबार में आए परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं धैर्यपूर्वक सुना। इस दौरान प्राप्त आवेदनों में से आधे से अधिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सौंपते हुए यथाशीघ्र जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

आज के जनता दरबार में 40 से अधिक परिवादी उपस्थित हुए। इनमें समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर निगम, ऊर्जा विभाग, घरेलू हिंसा, भूमि विवाद सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

जनता दरबार के दौरान एक गरीब वृद्ध महिला को जिलाधिकारी द्वारा कंबल एवं साड़ी प्रदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों के निष्पादन में शीघ्रता, गंभीरता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

जनता दरबार में अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, अपर समाहर्ता आपदा सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, नोडल आईटी सेल पूजा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।