आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों के लिए एंटी-फ्रॉड एवं क्वालिटी डॉक्यूमेंटेशन पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा

बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति एवं सेंटर फॉर हेल्थ पॉलिसी (ADRI) के संयुक्त तत्वावधान में दरभंगा में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों के लिए “एंटी-फ्रॉड एवं क्वालिटी डॉक्यूमेंटेशन” विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं सीतामढ़ी जिलों के निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (MM-JAY) के अंतर्गत
• धोखाधड़ी निरोधक उपायों को सुदृढ़ करना,
• गुणवत्ता दस्तावेजीकरण को बेहतर बनाना,
• स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइंस तथा हेल्थ बेनिफिट पैकेज के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करना रहा।

कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. आलोक रंजन, निदेशक (ऑपरेशन) द्वारा स्वागत भाषण एवं उद्देश्य प्रस्तुति के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरुण कुमार, सिविल सर्जन, दरभंगा तथा विशेष अतिथि के रूप में डॉ. अल्का झा, प्रधानाचार्य, डीएमसीएच, दरभंगा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे श्री शैलेश चंद्र दिवाकर, प्रशासनिक पदाधिकारी ने एंटी-फ्रॉड विषय पर मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए धोखाधड़ी की रोकथाम हेतु आवश्यक अनुपालन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

विभिन्न तकनीकी सत्रों में
• डॉ. गुरिंदर रंधावा (कंसल्टेंट) एवं डॉ. आलोक रंजन द्वारा धोखाधड़ी निरोध, गुणवत्ता दस्तावेजीकरण एवं केस स्टडी पर,
• डॉ. नीरज कुमार सिंह, निदेशक (हेल्थकेयर) द्वारा स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइंस एवं हेल्थ बेनिफिट पैकेज के प्रोटोकॉल अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को रियल टाइम रिपोर्टिंग के लिए IHIP पोर्टल के उपयोग पर जिला IDSP सेल एवं ADRI टीम द्वारा जागरूक किया गया।

कार्यशाला के अंतिम चरण में फोकस ग्रुप डिस्कशन (FGD) के माध्यम से प्रतिभागियों ने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों एवं संभावित समाधानों पर अपने सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम का संचालन इन्द्रजीत गोस्वामी द्वारा किया गया। समापन सत्र में डॉ. सूरज शंकर, टीम लीड, सेंटर फॉर हेल्थ पॉलिसी (ADRI) ने प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सुझाव योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं धोखाधड़ी निरोधक तंत्र को और अधिक मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर जिला क्रियान्वयन इकाइयों के प्रतिनिधियों के रूप में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं सीतामढ़ी जिलों के डीपीसी-आयुष्मान भारत एवं ADRI टीम से इन्द्रजीत गोस्वामी, दिलीप कुमार, संजीव कुमार, पवन कुमार लाल, कृष्णा पांडेय, समीर कुमार सिन्हा, अंकित कुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।