कार्यालयी कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने पर डीएम सख्त, प्रधान लिपिकों को दिए स्पष्ट निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय की सभी शाखाओं के प्रधान लिपिकों, शाखा प्रभारियों एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ कार्यालय व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संचिकाओं (फाइलों) एवं आवश्यक दस्तावेजों का समुचित अभिलेखीकरण, डिस्पैच/डैकोरेशन रजिस्टर का नियमित अद्यतन तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सभी प्रधान लिपिकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि समाहरणालय आम जनता की सेवा का प्रमुख केंद्र है, अतः सभी शाखाओं में समयबद्ध, पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति सुनिश्चित की जाए। कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा अनावश्यक विलंब से पूर्णतः बचा जाए।

जिलाधिकारी ने विभागीय पत्राचार, फाइल मूवमेंट एवं ई-ऑफिस प्रणाली के अधिक प्रभावी एवं सक्रिय उपयोग पर विशेष बल देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रत्येक शाखा के प्रधान लिपिक से उनके कार्यक्षेत्र की विस्तृत जानकारी ली गई तथा कार्यालय व्यवस्था से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कार्यों में पाई जाने वाली कमियों को शीघ्र दूर करने एवं सभी शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री राकेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका कुमारी, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती अमृता कुमारी सहित जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं समाहरणालय की सभी शाखाओं के प्रधान लिपिक उपस्थित थे।