शराब पीकर चौकीदार पर हमला करने वाला युवक गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज

दस्तक7मिडिया, अमीत झा, गौड़ा बौराम,

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के अफजला गांव में ड्यूटी पर तैनात एक सरकारी चौकीदार के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक शराब के नशे में था और उसने पुलिस कार्रवाई का बदला लेने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार घटना गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:00 बजे की है। बिरौल थाना में कार्यरत चौकीदार मो. इस्लाम, प्रभारी थानाध्यक्ष के निर्देशानुसार अफजला गांव में कोर्ट से निर्गत सम्मन
तामिला करने गए थे। इसी दौरान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जिरात निवासी मो.असरफ पिता रहमत अंली वहां पहुंचा और चौकीदार के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोपी मो.असरफ ने चौकीदार पर आरोप लगाया कि उसके दोस्त मो. राजा को जेल भिजवाने में चौकीदार का ही हाथ है। जब चौकीदार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे चौकीदार चोटिल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद चौकीदार की जान बच सकी। सूचना मिलने पर गश्ती दल में शामिल एस आई शशिभूषण रजक मौके पर पहुंचा और आरोपी को हिरासत में लिया। मद्यनिषेध थाना बिरौल में ब्रेथ एनालाइजर किट से जांच करने पर आरोपी के शरीर में 240mg/100ml अल्कोहल की मात्रा पाई गई, जो शराब के सेवन की पुष्टि करती है। अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के अनुसार ग्रामीण पुलिस ( चौकिदार )
मो.इस्लाम के लिखित आवेदन पर पुलिस ने इस मामले में आरोपी मो.असरफ पिता मो.रहमत अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं जैसे 115(2), 126(2), 132, 121(1), 352 और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है। कागजी प्रक्रिया पुरा करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।