बिरौल के लाल ने लहराया परचम, 21 साल की उम्र में अमर्त्य ने यूपीएससी, ईएसई परीक्षा के पहले ही प्रयास में पाई सफलता
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल रामनगर निवासी अमर्त्य कुमार भारद्वाज ने। अमर्त्य ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित ईएसई परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता का परचम लहराकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
अमर्त्य ने यह उपलब्धि मात्र 21 वर्ष की अल्पायु में हासिल की है। उनके पिता अजय कुमार झा और माता अपर्णा कुमारी ने बताया कि अमर्त्य बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के थे। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजनों के अनुसार, अमर्त्य ने अपनी इस सफलता से अपने पूर्वज प्रताप नारायण झा (उर्फ फूल बाबू) के सपनों को साकार कर उनका नाम गौरव से ऊंचा किया है।

