मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत मछुआरों को मिला सशक्तिकरण का तोहफा,

मत्स्य शिकारमाही एवं विपणन किट का किया गया वितरण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

आज उप मत्स्य निदेशक, दरभंगा परिक्षेत्र, दरभंगा के प्रांगण में “मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना” के अंतर्गत मत्स्य शिकारमाही एवं विपणन किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किट का वितरण कुमार विमल प्रसाद, उप मत्स्य निदेशक, दरभंगा परिक्षेत्र एवं  अनुपम कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर उप मत्स्य निदेशक श्री कुमार विमल प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के अंतर्गत वितरित की जा रही मत्स्य शिकारमाही एवं विपणन किट से मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं की आजीविका को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से वे अपने मत्स्य उत्पादों को ताजा, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से बाजार में उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि इन किटों से मछलियों को अधिक समय तक सुरक्षित, ताजा एवं हाइजेनिक रूप में संरक्षित किया जा सकेगा, वहीं उपभोक्ताओं को भी उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण मछली उपलब्ध होगी। इससे मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और मछुआ समुदाय की वार्षिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री अनुपम कुमार ने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत बिहार सरकार द्वारा राज्य के मछुआरों को मत्स्य शिकार एवं विपणन हेतु आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों का एक संपूर्ण पैकेज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पैकेज में फेंका जाल, गिल नेट, हांडी, तराजू, इंसुलेटेड आइस बॉक्स आदि शामिल हैं। कुल 440 इकाइयों का वितरण प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि आज प्रथम चरण में 100 किट का वितरण कर योजना का शुभारंभ किया गया है, जबकि शेष किटों का वितरण शीघ्र ही किया जाएगा।

इस अवसर पर आयोजित किट वितरण कार्यक्रम में उप मत्स्य निदेशक, दरभंगा परिक्षेत्र, जिला मत्स्य कार्यालय, दरभंगा के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।