दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 10 दिनों में लंबित 108 आवेदनों के निष्पादन का निर्देश : आशीष अमन
दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 10 दिनों में लंबित 108 आवेदनों के निष्पादन का निर्देश : आशीष अमन
दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा,
10 दिनों में लंबित 108 आवेदनों के निष्पादन का निर्देश : आशीष अमन
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, दरभंगा द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग आशीष अमन ने की।
बैठक में जिले के सभी प्रखंडों के समाज कल्याण विभाग के कार्यपालक सहायकों ने भाग लिया। इस दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सहायक निदेशक ने योजनाओं में हुए हालिया बदलावों, तकनीकी प्रक्रियाओं एवं कार्यान्वयन की स्थिति की जानकारी उपस्थित कर्मियों को दी।
विशेष रूप से ‘मुख्यमंत्री नि:शक्तजन संबल योजना’ के अंतर्गत बैट्री चालित ट्राइसाइकिल वितरण से संबंधित आवेदनों की गहन समीक्षा की गई। साथ ही सामान्य सहायक उपकरणों के वितरण एवं यूडीआईडी कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बैट्री चालित ट्राइसाइकिल योजना से संबंधित कुल 108 आवेदन प्रखंड स्तर पर लंबित हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित किए गए तथा सभी लंबित आवेदनों का 10 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।
आशीष अमन ने कहा कि दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब से प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
कार्यसंस्कृति में सुधार के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शीर्ष तीन कार्यपालक सहायकों को पुरस्कृत किए जाने तथा सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में एक फीडबैक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें कार्यपालक सहायकों ने जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं एवं चुनौतियों को साझा किया।
बैठक धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सभी कर्मी उपस्थित थे।