सराय थाना परिसर में वीर शहीद सिपाही अमिता बच्चन की प्रतिमा का भव्य अनावरण, डीजीपी विनय कुमार ने दी श्रद्धांजलि

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

वैशाली जिला बल के वीर शहीद सिपाही अमिता बच्चन की अमर स्मृति को नमन करते हुए सोमवार को सराय थाना के नवनिर्मित भवन परिसर में उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। अनावरण आदरणीय पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक जयंत कांत की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

प्रतिमा अनावरण के उपरांत पुलिस महानिदेशक महोदय ने शहीद अमिता बच्चन की धर्मपत्नी श्रीमती कोमल कुमारी को बिहार पुलिस में सिपाही पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। यह क्षण उपस्थित जनसमूह के लिए भावुक और गौरवपूर्ण रहा।

अपने संबोधन में डीजीपी विनय कुमार ने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान पुलिस बल ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आमजनों से पुलिस के प्रति सम्मान, सहयोग और विश्वास बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सराय थानाध्यक्ष द्वारा की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम शहीद अमिता बच्चन के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को चिरस्मरणीय बनाने वाला साबित हुआ।