एसएसपी की पहल :बहादुरपुर थाना में जनता से सीधा संवाद,शिकायतकर्ताओं की शिकायत सुनकर संबंधित पदाधिकारियों को एसएसपी ने दिया निर्देश।

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /गुड्डू राज 

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा बहादुरपुर थाना परिसर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतकर्ताओं की बात को ध्यानपूर्वक और गंभीरता से सुना।जनसुनवाई के दौरान लोगों ने जमीन विवाद,आपसी

 

झगड़ा,मारपीट,धमकी,पारिवारिक विवाद,लंबित मामलों और पुलिस से जुड़ी अन्य समस्याओं को रखा। वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि सभी शिकायतों का समाधान वैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पादन अधिकतम सात दिनों के अंदर सुनिश्चित किया जाए,ताकि आम लोगों को बार-बार थाना का चक्कर न लगाना पड़े। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान करना है। इससे लोगों का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है और समाज में शांति व्यवस्था बनी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है और हर नागरिक की समस्या को सुनना और उसका समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनसुनवाई के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि सभी मामलों में निष्पक्ष जांच हो और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न किया जाए। छोटे विवादों को आपसी समझौते के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाए,जबकि गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई तुरंत की जाए।नवरीय पुलिस अधीक्षक ने यह स्पष्ट किया कि इस तरह की जनसुनवाई आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाएगी,ताकि आमजन को अपनी बात सीधे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक रखने का अवसर मिलता रहे। इस पहल से आम लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।