वन-वे लागू, फिर भी जाम बरकरार: दरभंगा में यातायात व्यवस्था प्रशासनिक ढिलाई की भेंट
वन-वे लागू, फिर भी जाम बरकरार: दरभंगा में यातायात व्यवस्था प्रशासनिक ढिलाई की भेंट
वन-वे लागू, फिर भी जाम बरकरार: दरभंगा में यातायात व्यवस्था प्रशासनिक ढिलाई की भेंट
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /संजय कुमार राय
दरभंगा जिला में 15 दिसंबर से वन-वे यातायात व्यवस्था लागू किए जाने के बावजूद शहर की ट्रैफिक स्थिति में कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वन-वे व्यवस्था कागजों में तो लागू है, लेकिन सड़कों पर इसका असर न के बराबर दिख रहा है।
शहर के प्रमुख मार्ग कर्पूरी चौक से लहेरियासराय तथा लोहिया चौक से नाका नंबर-6 तक खुलेआम वन-वे नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। इन मार्गों पर उल्टे पांव मोटरसाइकिलों का आवागमन आम बात हो गई है। सिर्फ दोपहिया ही नहीं, बल्कि टोटो, रिक्शा और कई चारपहिया वाहन भी धड़ल्ले से गलत दिशा में चलते नजर आते हैं।
हैरानी की बात यह है कि नियमों की अनदेखी करने वालों में आम लोग ही नहीं, बल्कि थानों की गाड़ियां, कुछ चिकित्सक और तथाकथित रसूखदार लोग भी शामिल हैं। इससे आम नागरिकों में गलत संदेश जा रहा है और नियमों के प्रति सम्मान खत्म होता जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अधिकांश चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस मूकदर्शक बनी नजर आती है। यातायात डीएसपी और इंस्पेक्टर सड़कों पर शायद ही कभी दिखाई देते हैं। थाना पुलिस की मौजूदगी भी बेहद कम है, जिससे नियम तोड़ने वालों का मनोबल और बढ़ गया है।
इसके अलावा, ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट बाइक चलाना और तेज रफ्तार जैसे उल्लंघन शहर में आम हो चुके हैं। ऐसे हालात में जब तक प्रशासन सख्त रवैया नहीं अपनाता, तब तक वन-वे व्यवस्था को प्रभावी और सुदृढ़ बनाना नामुमकिन प्रतीत होता है।
शहरवासियों का कहना है कि जिला प्रशासन को चाहिए कि मुख्य सड़कों और व्यस्त चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती करे। वन-वे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया जाए। साथ ही, लगातार निगरानी और अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जब तक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बिना भेदभाव कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वन-वे व्यवस्था सिर्फ एक औपचारिक घोषणा बनकर रह जाएगी। सख्ती और जवाबदेही ही दरभंगा की यातायात व्यवस्था को पटरी पर ला सकती है।
बिरौल में जदयू महासदस्यता अभियान ने पकड़ी रफ्तार: जिला कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार झा का जोरदार स्वागत
चौक-चौराहों की शिकायत पेटी हुई बंद,पुलिस को नहीं मिल रही हे गुप्त सूचनाएं, कभी अपराध पर लगाम लगाने वाली शिकायत पेटी आज अनदेखी से कमजोर हुई पुलिस व्यवस्था,एसएसपी से लोगों को उम्मीद