अपर आय का खुलासा : SVU की बड़ी कार्रवाई, अधीक्षण अभियंता गजाधर मंडल के ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति बरामद

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/पटना/भागलपुर।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं निदेशक, गुणवत्ता अनुरक्षण (उत्तर), दरभंगा श्री गजाधर मंडल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कांड दर्ज कर छापेमारी की है।

अपर पुलिस महानिदेशक, विशेष निगरानी इकाई  पंकज कुमार दाराद ने बताया कि गजाधर मंडल के विरुद्ध SVU कांड संख्या-27/2025 (दिनांक 15-12-2025) दर्ज किया गया है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2), 12 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2)(a) के अंतर्गत दर्ज किया गया है। कांड के अनुसंधानकर्ता पुलिस उपाधीक्षक श्री बिंदेश्वर प्रसाद हैं।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अभियुक्त ने सरकारी सेवा में रहते हुए अपने ज्ञात आय स्रोतों की तुलना में 2.82 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित की है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद  न्यायालय से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर आज 16 दिसंबर 2025 को SVU की टीम ने अभियुक्त के भागलपुर एवं पटना स्थित आवास और कार्यालय में एक साथ छापेमारी शुरू की। छापेमारी निम्न स्थानों पर की जा रही है—
ग्राम बाखरपुर, थाना पीरपैंती, जिला भागलपुर स्थित आवास
फ्लैट संख्या-302, गंगोत्री अपार्टमेंट, रानी तालाब के पास, सबौर, भागलपुर
सह-केन्द्रीय प्रयोगशाला, भवन निर्माण विभाग, राजवंशी नगर, शास्त्रीनगर, पटना स्थित कार्यालय
उषा रेजिडेंसी, ए.जी. कॉलोनी, पटना स्थित फ्लैट

छापेमारी के दौरान अभियुक्त द्वारा अर्जित अकूत संपत्ति के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जो एफआईआर में वर्णित आरोपों से भी कहीं अधिक बताए जा रहे हैं।

अब तक अभियुक्त एवं उनकी पत्नी के नाम से कुल 16 अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3.41 करोड़ है।

इनमें भागलपुर जिले के जगदीशपुर, सबौर एवं गौराडीह क्षेत्र में स्थित व्यावसायिक एवं आवासीय भूमि शामिल है। गजाधर मंडल के नाम 6 तथा उनकी पत्नी संध्या कुमारी के नाम 10 जमीन के दस्तावेज पाए गए हैं।

इसके अलावा अभियुक्त एवं पत्नी के नाम से 30.80 लाख के एफडी और शेयर की जानकारी मिली है। LIC, Star Health सहित अन्य निवेशों की भी जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान लगभग 8 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 1,88,500 नगद भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की संभावना है।

विशेष निगरानी इकाई ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की रिश्वत मांग से संबंधित शिकायत हो तो कार्यालय अवधि में दूरभाष संख्या 0612-2506253 अथवा मोबाइल नंबर 9031633644 पर सूचना दें।