अग्नितांडव: तेनुआ गांव में दो घर जलकर राख, एक गाय गंभीर रूप से झुलसी

दस्तक7मिडिया, गौड़ा बौराम, दरभंगा।

प्रखंड के बड़गाँव थाना क्षेत्र अंतर्गत तेनुआ गांव में सोमवार की देर शाम आग लगने से भारी तबाही हुई। इस अगलगी की घटना में दो परिवारों के आशियाने पूरी तरह जलकर खाक हो गए, वहीं एक पालतू मवेशी भी आग की लपटों में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाते, तब तक ललिता देवी (पति शिव चौपाल) और विभा देवी (पति गोविन्द चौपाल) का आवासीय घर सामान सहित जलकर राख हो गया। घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है।
घर के समीप बंधी एक गाय भी इस भीषण आग की चपेट में आ गई। गाय के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया बृजनंदन मुखिया तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर झुलसी हुई गाय का उपचार शुरू करवाया। मुखिया बृजनंदन मुखिया ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और अंचल कार्यालय को सूचित किया।