फार्मर रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दरभंगा में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
फार्मर रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दरभंगा में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
फार्मर रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दरभंगा में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
नेशनल ई-गवर्नेंस प्लान (कृषि) के अंतर्गत कृषि उन्नति योजना की फार्मर रजिस्ट्री योजना के दरभंगा जिले में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ अपर समाहर्ता (राजस्व) दरभंगा मनोज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सिद्धार्थ सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों का फार्मर आईडी निर्माण कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करना है, ताकि सभी पात्र किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इस प्रशिक्षण में जिले के सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं कर्मी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड कृषि तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के कर्मियों ने भाग लिया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने के पश्चात किसान न केवल पीएम किसान योजना, बल्कि विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी सहज रूप से प्राप्त कर सकेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, एलपीसी (लैंड पोजीशन सर्टिफिकेट), भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे जमाबंदी एवं रसीद अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। कृषि विभाग के कर्मियों द्वारा किसानों का ई-केवाईसी किया जाएगा।
कमलेश कुमार, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) एवं मृत्युंजय चौबे, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (सदर) द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी निर्माण हेतु राजस्व ग्रामवार विशेष कैंपों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।
अपर समाहर्ता (राजस्व) ने अपने संबोधन में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान को गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ सफल बनाएं तथा किसानों को इसकी महत्ता के प्रति जागरूक करें।
संयुक्त निदेशक शस्य, दरभंगा प्रमंडल, संजय नाथ तिवारी ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करते हुए समय पर फार्मर रजिस्ट्री कराई जाएगी।
वहीं उप निदेशक जनसंपर्क ने कहा कि जिले के किसानों को लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः संकल्पित है, ताकि अन्नदाता किसानों को भटकना न पड़े और सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके।
इस अवसर पर नीरज कुमार झा, उप निदेशक उद्यान, अंचलाधिकारी, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।