विद्यालय की दान भूमि पर अतिक्रमण का खतरा, अंचल अधिकारी की उदासीनता से बढ़ी चिंता

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के बहादुरपुर स्थित +2 उत्क्रमित मध्य विद्यालय डगरसाम विद्यालय को दान में प्राप्त भूमि पर अतिक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। विद्यालय प्रशासन द्वारा पूर्व में अंचल अधिकारी को विधिवत आवेदन देकर भूमि का सीमांकन कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने 23 मई 2025 को अंचल अधिकारी को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया था कि कुछ असामाजिक तत्व विद्यालय की दान में प्राप्त भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि समय रहते सीमांकन नहीं कराया गया, तो यह भूमि भविष्य में गंभीर विवाद का रूप ले सकती है।

आवेदन में उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर विधिवत सीमांकन कराकर भूमि को विद्यालय के स्वामित्व में सुरक्षित कराने का आग्रह किया गया था। बावजूद इसके, महीनों बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई पहल नहीं होने से विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो शिक्षा से जुड़ी इस बहुमूल्य भूमि पर अतिक्रमण हो सकता है, जिससे विद्यालय के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह कब तक इस गंभीर मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करता है।