संजय सरावगी के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सांसद डॉ. संजय सरावगी के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दी बधाई,कहा कि मिथिला की महत्ता को भाजपा ने दिया सम्मान, दरभंगा के लिए गौरव का क्षण। 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के नगर विधायक संजय सरावगी को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इसे न सिर्फ पार्टी के लिए बल्कि पूरे दरभंगा और मिथिला क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।

सांसद डॉ. ठाकुर ने संजय सरावगी को बधाई देते हुए कहा कि वे एक अनुभवी, कर्मठ और लगातार जनता का विश्वास जीतने वाले विधायक हैं। ऐसे नेता को प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपकर भाजपा ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि मिथिला क्षेत्र पार्टी की प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान रखता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संजय सरावगी के नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और कार्यशैली से भाजपा को आने वाले समय में व्यापक लाभ मिलेगा तथा संगठन और अधिक सशक्त होगा।

सांसद डॉ. ठाकुर ने पार्टी के इस निर्णय की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा बिहार में नए आयाम स्थापित करेगी।