भावनात्मक विदाई समारोह में आयुक्त कौशल किशोर को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई, दरभंगा प्रमण्डल की आधिकारिक वेबसाइट का हुआ शुभारंभ
भावनात्मक विदाई समारोह में आयुक्त कौशल किशोर को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई, दरभंगा प्रमण्डल की आधिकारिक वेबसाइट का हुआ शुभारंभ
भावनात्मक विदाई समारोह में आयुक्त कौशल किशोर को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई,
दरभंगा प्रमण्डल की आधिकारिक वेबसाइट का हुआ शुभारंभ
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आयुक्त कार्यालय, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा के सभागार में आयुक्त श्री कौशल किशोर के सम्मान में भाव-भीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उनके प्रशासनिक योगदान, मानवीय संवेदना एवं अनुकरणीय कार्यशैली को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस अवसर पर आयुक्त के सचिव सत्येंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आयुक्त महोदय का कार्यकाल अपेक्षाकृत अल्प होने के बावजूद अत्यंत प्रभावशाली एवं स्मरणीय रहा। उन्होंने प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशील कार्यशैली की जो अमिट छाप छोड़ी है, वह लंबे समय तक प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि आयुक्त का व्यवहार सभी कर्मियों के प्रति परिवार के सदस्य की भांति रहा तथा वे सभी से स्नेहपूर्वक एवं सम्मानजनक व्यवहार करते थे।
सचिव ने बताया कि आयुक्त कौशल किशोर का स्पष्ट निर्देश रहता था कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। वे नियमित रूप से आम नागरिकों से मिलते थे और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहते थे। आमजन के प्रति मानवीय दृष्टिकोण, सहज उपलब्धता एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार उनके विशिष्ट गुण रहे हैं।
अपने विदाई संबोधन में आयुक्त कौशल किशोर ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अच्छे व्यक्तित्व के निर्माण के लिए अच्छी आदतों को अपनाना और बुरी आदतों को त्यागना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालयीन कार्यों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लंबित कार्य न रहने देने का संदेश दिया। साथ ही, वरीय-कनीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
समारोह के दौरान आयुक्त के सचिव द्वारा आयुक्त को पाग, शॉल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पमाला पहनाकर उन्हें भावनात्मक विदाई दी।
उल्लेखनीय है कि विदाई समारोह से पूर्व आयुक्त महोदय के कर-कमलों द्वारा दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। इस वेबसाइट के माध्यम से आम जनता को बिहार लोक शिकायत निवारण प्रणाली, आयुक्त न्यायालय की सूचना प्रणाली, आरटीआई, निर्वाचन से संबंधित जानकारियाँ तथा आयुक्त कार्यालय से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण सूचनाएँ सुलभ होंगी।
आयुक्त महोदय ने वेबसाइट के सफल शुभारंभ हेतु संबंधित कर्मियों को धन्यवाद दिया।
समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं भावनात्मक क्षणों के साथ हुआ।
इस अवसर पर उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, उप निदेशक सांख्यिकी शंभू प्रसाद यादव, आर.डी.डी. प्रीति, सहायक निदेशक योजना, प्रमण्डलीय पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।