राष्ट्रीय लोक अदालत से त्वरित और सुलभ न्याय की दिशा में बड़ा कदम,

दरभंगा, बेनीपुर व बिरौल न्यायालय परिसरों में सफल आयोजन

दस्तक 7मीडिया ,विधि संवाददाता /दरभंगा 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा के तत्वावधान में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन व्यवहार न्यायालय, दरभंगा, बेनीपुर एवं बिरौल न्यायालय परिसर में सफलतापूर्वक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दरभंगा श्री शिव गोपाल मिश्रा, जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री जुनेद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती आरती कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि

“लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित एवं निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है।”
उन्होंने पक्षकारों से आपसी समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान हेतु आगे आने की अपील की।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने लोक अदालत की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाकर सामाजिक सौहार्द एवं आपसी विश्वास को सुदृढ़ करता है।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी ने अपने संबोधन में कहा कि लोक अदालत के माध्यम से सहमति से मामलों के निपटारे से कानून-व्यवस्था और न्यायिक व्यवस्था दोनों मजबूत होती हैं।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी  जुनेद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव  आरती कुमारी ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से सुलहनीय प्रकृति के दीवानी एवं फौजदारी मामले, मोटर वाहन दुर्घटना दावा, बैंक ऋण वसूली, पारिवारिक विवाद, बिजली, दूरसंचार, श्रम एवं अन्य मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का निष्पादन हुआ, जिससे पक्षकारों को समय, धन एवं श्रम की बचत हुई तथा न्यायालयों में लंबित वादों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई।

आयोजन में न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, बैंक प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में वादकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव ने सभी आगंतुकों, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।