बैंक अफसर के ठिकानों पर ED का बड़ा छापा, 40 लाख कैश बरामद; प्लॉट और पेट्रोल पंप का खुलासा,कुल छः ठिकानों पर हुई छापेमारी।

दस्तक 7मीडिया ,पटना/गोपालगंज।

आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पाटलिपुत्र सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के विकास अधिकारी भवेश कुमार सिंह के कई  ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 40 लाख रुपये नकद, कीमती जेवरात, कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और पेट्रोल पंप से संबंधित अहम कागजात बरामद किए गए हैं।

ED की जांच में सामने आया है कि  बैंक अधिकारी ने महज 11 साल की नौकरी में करीब 40 करोड़ रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली। छापेमारी के दौरान पटना में चार और गोपालगंज में दो ठिकानों को खंगाला गया।

इन ठिकानों पर हुई छापेमारी

• पटना के राम जयपाल नगर स्थित अपार्टमेंट
• अगमकुआं थाना क्षेत्र का एक गोदाम
• बीएम दास रोड स्थित बैंक से जुड़े स्थान
• गोपालगंज के मीरगंज व मझागढ़ थाना क्षेत्र के ठिकाने
• पेट्रोल पंप और उससे जुड़े कार्यालय

 क्या-क्या बरामद हुआ

• अलमारियों और बैगों में छिपाकर रखे गए 40 लाख रुपये नकद
• महंगी घड़ियां और सोने के आभूषण
• कई प्लॉट और जमीन से जुड़े दस्तावेज
• पेट्रोल पंप में निवेश के कागजात
• संदिग्ध बैंक खातों और कंपनियों से जुड़े लेनदेन के प्रमाण

ED अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक ऐसे बैंक खाते का भी पता चला है, जिसमें करीब 15 करोड़ रुपये के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। यह खाता एक फर्म के नाम पर बताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

ED का कहना है कि बरामद दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। अवैध संपत्ति जब्त करने के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित बैंक अधिकारी से पूछताछ और गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।