लाल किला धमाका केस में NIA की बड़ी कार्रवाई: जैश-ए-मोहम्मद का आठवां आतंकी गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दिल्ली 

लाल किला के बाहर हुए आइ-20 कार ब्लास्ट की गुत्थी सुलझाने में जुटी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA)  को एक और बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी डॉ. बिलाल नसीर मल्ला को जम्मू-कश्मीर के बारामूला से दबोच लिया। वह इस केस में गिरफ्तार होने वाला आठवां आरोपी है।

NIA के अनुसार, बिलाल लाल किला ब्लास्ट की साज़िश रचने में सक्रिय रूप से शामिल था। इस हमले में 15 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 22 गंभीर रूप से घायल हुए थे। जांच में यह सामने आया कि बिलाल ने हमले में शामिल आतंकी डॉ. उमर नबी बट को न सिर्फ पनाह दी, बल्कि उसे हर तरह का लॉजिस्टिक सपोर्ट भी उपलब्ध कराया। इतना ही नहीं, उस पर हमले से जुड़े सबूत नष्ट करने का आरोप भी है।

गिरफ्तारी के बाद बिलाल को पटियाला हाउस स्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की NIA हिरासत में भेज दिया गया।

इधर, पहले से गिरफ्तार आतंकी आमिर रशीद अली को भी मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां NIA ने “गहन पूछताछ” की जरूरत बताते हुए उसकी चौथी बार सात दिन की रिमांड हासिल कर ली। आमिर को 16 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।

अब तक NIA इस केस में आठ आतंकियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह पूरा मामला जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा उजागर किए गए व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ है।

गौरतलब है कि 10 नवंबर को लाल किला के बाहर हरियाणा नंबर की आइ-20 कार में विस्फोट हुआ था। यह कार आमिर रशीद अली के नाम पर रजिस्टर्ड थी और हमले के समय इसे पुलवामा निवासी डॉ. उमर नबी बट चला रहा था, जो फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर था।

NIA विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों और राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर इस पूरे आतंकी तंत्र की परतें उधेड़ने में लगी हुई है।