खराब बीज मामले ने किसानों की बढ़ाई चिंता,जेडीयू किसान प्रकोष्ठ ने सरकार से जांच की मांग की
खराब बीज मामले ने किसानों की बढ़ाई चिंता,जेडीयू किसान प्रकोष्ठ ने सरकार से जांच की मांग की
खराब बीज मामले ने किसानों की बढ़ाई चिंता,जेडीयू किसान प्रकोष्ठ ने सरकार से जांच की मांग की
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /गुड्डू राज
जिले में बिहार सरकार द्वारा दिए गए अनुदानित गेहूं के बीज के अंकुरित न होने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जेडीयू किसान प्रकोष्ठ सक्रिय हो गया है। जेडीयू किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव गणेश कुमार मिश्रा ने पटना में कृषि विभाग के प्रधान सचिव और कृषि निदेशक से मुलाकात कर इस मामले में विस्तृत और लिखित शिकायत दर्ज कराई। श्री मिश्रा ने बताया कि क्षेत्रीय दौरे के दौरान किसानों से लगातार यह शिकायत मिल रही है कि उन्हें जो अनुदानित गेहूं बीज दिया गया,वह बिल्कुल भी अंकुरित नहीं हुआ। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया इस पूरे मामले में दरभंगा जिला के बीज डिस्ट्रीब्यूटर,डीलरों और बीज सप्लाई करने वाली कंपनी की भूमिका संदिग्ध दिखाई देती है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि वही बीज जब आसपास के दूसरे जिलों में वितरित किया गया,तो वहां से किसी भी तरह की शिकायत सामने नहीं आई। ऐसे में केवल दरभंगा में ही बीज खराब होने की घटना सामने आना जांच का विषय है। यदि कंपनी ने डिस्ट्रीब्यूटर को खराब बीज सप्लाई किया था,तो डिस्ट्रीब्यूटर ने इसे किसानों तक पहुँचाने से पहले संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी? यदि समय रहते जानकारी दे दी जाती,तो हजारों किसान इस भारी नुकसान से बच जाते। श्री मिश्रा ने कृषि विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित कंपनी,डिस्ट्रीब्यूटर और डीलरों पर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को भारी नुकसान और परेशानी हुई है,इसलिए सरकार को इस मामले में कठोर और न्यायपूर्ण निर्णय लेना चाहिए। अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों के हित में जल्द से जल्द कार्रवाई करेगी,ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।