मानवाधिकार दिवस पर न्यायिक अधिकारियों ने दिया बराबरी और सम्मान का संदेश

दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर/दरभंगा 

मानवाधिकार दिवस के अवसर पर न्यायालय परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्र ने कहा कि जाति, पंथ, धर्म या लिंग के आधार पर किसी भी व्यक्ति को उसके मौलिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। हर व्यक्ति को गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है, और समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति यह समानता सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

जिला जज मिश्र ने न्यायालय कर्मियों और अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमलोग सार्वजनिक दायित्वों वाले पदों पर हैं, जहां न्याय की उम्मीद लेकर समाज का हर नागरिक हमारे पास आता है। ऐसे में बिना किसी भेदभाव के उसकी उम्मीदों पर खरा उतरना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिस सम्मान की अपेक्षा हम अपने लिए रखते हैं, उतना ही सम्मान हमें दूसरों को भी देना चाहिए। प्यार, स्नेह और पारस्परिक सम्मान के सहारे ही समाज में शांति स्थापित हो सकती है।

कार्यक्रम में एडीजे ऋषि गुप्ता, एसडीजेएम अनुराग तिवारी, मुंसिफ रोहित कुमार गुप्ता सहित अधिवक्ता सुशील कुमार चौधरी, नवीन कुमार ठाकुर, विनोद कुमार मिश्र, कृष्ण कुमार मिश्र, गुनानंद झा, संजीत कुमार देव एवं न्यायालय कर्मी चांद बाबू, शंकर, राजेश कुमार, निरंजन वर्मा, कुमार गौरव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।