राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारी तेज, प्रचार वाहन को मिली हरी झंडी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /बेनीपुर

शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिव गोपाल मिश्र ने की। उन्होंने न्यायालय परिसर से लोक अदालत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोक अदालत के फायदों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। नालसा के “न्याय सबके लिए” और संविधान के अनुरूप “समान न्याय” के उद्देश्य को पूरा करने के प्रति न्यायिक तंत्र पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि इस बार चार बेंचों का गठन किया गया है ताकि विभिन्न मामलों का तेजी से निपटारा हो और लोगों को अधिक सहूलियत मिल सके। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर मामलों के त्वरित निष्पादन का लाभ उठाएँ।

कार्यक्रम के दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय ऋषि गुप्ता, एसडीजेएम अनुराग तिवारी, सिविल जज रोहित कुमार गुप्ता सहित कई अधिवक्तागण उपस्थित रहे।