मानवाधिकार दिवस पर उपकारा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम,भेदभाव रहित समाज और सुधार की राह पर जोर
मानवाधिकार दिवस पर उपकारा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम,भेदभाव रहित समाज और सुधार की राह पर जोर
मानवाधिकार दिवस पर उपकारा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम,भेदभाव रहित समाज और सुधार की राह पर जोर
दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर /दरभंगा
बिहार मानवाधिकार आयोग एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में उपकारा में मानवाधिकार दिवस के अवसर पर काराधीन बंदियों के बीच एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिव गोपाल मिश्र ने मानवाधिकारों के सम्मान और सुधारात्मक न्याय पर सारगर्भित विचार रखे।
भेदभाव रहित समाज की आवश्यकता
न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्र ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति के लिए जाति, धर्म, लिंग, रंग-रूप के आधार पर भेदभाव से मुक्त दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि “स्वतंत्रता तभी सार्थक है जब तक हमारी स्वतंत्रता से किसी अन्य की स्वतंत्रता में बाधा न उत्पन्न हो।”
जेल दंड का नहीं, सुधार का स्थान
प्रधान जिला न्यायाधीश ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जेल प्रतिशोध या दंड देने का स्थान नहीं है, बल्कि आत्मचिंतन, प्रायश्चित और अपने जीवन को नए मार्ग पर ले जाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि क्रोध, भावनाओं में बह जाना, या लालच—अक्सर ऐसे कारण होते हैं जो लोगों को अपराध की ओर धकेल देते हैं, परंतु जेल से बाहर जाने के बाद प्रत्येक बंदी की जिम्मेदारी है कि वह न केवल अपने बल्कि दूसरों के मानवाधिकारों का भी सम्मान करे।
अन्य वक्ताओं ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम में एडीजे ऋषि गुप्ता, एसडीजेएम अनुराग तिवारी, सिविल जज रोहित कुमार गुप्ता तथा एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने भी मानवाधिकार, विधिक जागरूकता और सुधारात्मक न्याय की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बढ़ाई शोभा
अतिथियों का स्वागत एवं मंच संचालन काराधीक्षक विरेंद्र कुमार राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कारा उपाधीक्षक रत्नेश कुमार राय ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बंदी नितीश पासवान और अविनाश बैठा ने स्वागत गान प्रस्तुत किया तथा रुपेश झा ने मैथिली में प्रेरणादायक कविता पाठ कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।