जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना की समीक्षात्मक बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के अंतर्गत चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बुडको के कार्यपालक अभियंता सभी चयनित योजनाओं का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि जिले के 11 नगर निकायों में कुल 92 योजनाएँ क्रियान्वित हो रही हैं, जिनमें नगर निगम की 49 योजनाएँ भी शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025–26 में 104 योजनाओं का चयन किया गया है, जिनमें से 102 को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं की दूसरे विभागों द्वारा सघन जांच कराई जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में तीनों तालाबों के सौंदर्यीकरण की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि दिल्ली मोड़ बस स्टैंड निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर की जाएगी तथा 18 माह में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।

जिलाधिकारी ने कहा कि नाला निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार की समझौता न हो, राज मैदान में पानी का जमाव रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएँ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी योजना में गुणवत्ता संबंधी लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने उन योजनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करने को कहा, जिनकी निविदा प्रक्रिया लंबित है। सभी विभागों को आपसी समन्वय रखते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पथ निर्माण, नाला निर्माण, जल निकासी, पोखर घाट सहित विभिन्न शहरी विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ये सभी कार्य आम जनता की सुविधा और शहर के समग्र विकास से जुड़े हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

अंत में सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराएँ और प्रगति निगरानी को और सुदृढ़ करें।

बैठक में कार्यपालक अभियंता बुडको, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, तथा संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।