विश्व स्तर पर बिहार की बढ़ी प्रतिष्ठा ,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज, राजनीतिक इतिहास में बनाया अनोखा कीर्तिमान

दस्तक 7 मीडिया /

जदयू के वरिष्ठ नेता एवं राज्य परिषद सदस्य एजाज अख्तर खाँ “रूमी” ने प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में दर्ज होना न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि उस राजनीतिक यात्रा का सम्मान है, जिसमें सुशासन, पारदर्शिता और विकास सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

रूमी ने बताया कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने नीतीश कुमार को देश के ऐसे पहले नेता के रूप में मान्यता दी है, जिन्होंने 1947 से 2025 तक के राष्ट्रीय राजनीतिक इतिहास में 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक अनूठा रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि भारतीय लोकतंत्र में बेहद कम देखने को मिलती है और यह जनता के अटूट विश्वास, सुशासन के मॉडल तथा स्थिर प्रशासन का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शासन की वह शैली स्थापित की है, जिसमें जनकल्याणकारी योजनाएं, पारदर्शी प्रशासन, कानून-व्यवस्था में सुधार, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार को नई दिशा मिली। यही कारण है कि जनता ने लगातार उन पर भरोसा जताया और एनडीए के पक्ष में भारी बहुमत देकर राज्य के विकास को और गति प्रदान की।

रूमी ने कहा कि नीतीश कुमार का यह विश्व-स्तरीय सम्मान बिहार के हर नागरिक के गर्व को बढ़ाता है और यह संदेश देता है कि सही नीयत और मजबूत इच्छाशक्ति से किसी भी राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा सकता है।