राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-cum-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार  शिव गोपाल मिश्र द्वारा आज न्यायालय परिसर से राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ आगामी शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पूरे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मिश्र ने बताया कि लोक अदालत व्यवस्था जनता को सरल, सुगम, त्वरित और सुलह-समझौते के आधार पर न्याय उपलब्ध कराती है।
उन्होंने कहा कि  लोक अदालत में केवल जीत-जीत की स्थिति उत्पन्न होती है, क्योंकि किसी पक्ष की हार नहीं होती।लोक अदालत का निर्णय सिविल न्यायालय के फैसले के समान प्रभावी होता है, जिसे सभी पक्षों को मानना होता है। इस निर्णय के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती, इसलिए विवाद का स्थायी समाधान मिलता है। यदि किसी मामले में कोर्ट फी जमा की गई है, तो वह वापस कर दी जाती है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि लोक अदालत के माध्यम से समाधान होने पर परिवार और समाज में सौहार्द और शांति बनी रहती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव, श्रीमती आरती कुमारी ने बताया कि इस लोक अदालत से हजारों लोगों को लाभ मिलने की संभावना है और उम्मीद है कि लोग बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लेंगे।

इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश (पोस्को) प्रोतिमा परिहार, विशेष न्यायाधीश (उत्पाद) रविशंकर कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम, अन्य न्यायिक पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस सदस्य, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।