09 दिसम्बर को संयुक्त श्रम भवन परिसर में लगेगा जॉब कैम्प,

50 पदों पर होगी नियुक्ति, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा वेतन व अन्य सुविधाएँ

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार, पटना के निर्देशानुसार अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा द्वारा आगामी 09 दिसम्बर 2025 (मंगलवार) को संयुक्त श्रम भवन, लहेरियासराय, दरभंगा के कार्यालय परिसर में जॉब कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें Chaitanya India Fin Credit Pvt. Ltd. द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस जॉब कैम्प में CRE/SFO पदों के लिए कुल 50 रिक्तियों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती के लिए 10वीं उत्तीर्ण उम्मीदवार पात्र होंगे तथा आयु सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित है।

कंपनी द्वारा चयनित उम्मीदवारों को ₹21,474/- वेतन, साथ ही मुफ़्त आवास, इनसेन्टिव और प्रतिमाह फ्यूल खर्च उपलब्ध कराया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती उत्तर बिहार के सभी जिलों में की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी के पास दोपहिया वाहन एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है।

आयोजन इकाई ने अधिकतम संख्या में योग्य अभ्यर्थियों से जॉब कैम्प में उपस्थित होकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

निबंधन अनिवार्य

जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए नियोजनालय निबंधन अनिवार्य है।
इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के NCS Portal (www.ncs.gov.in) पर स्वयं निबंधन करा सकते हैं अथवा अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा में आकर भी निबंधन करवा सकते हैं।

आवश्यक दस्तावेज़

जॉब कैम्प में आते समय अभ्यर्थी अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज़ अवश्य लाएँ—
• बायोडाटा
• सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र
• रंगीन फोटो – 05
• आधार कार्ड
• पैन कार्ड
• अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की छाया प्रति

अधिकारियों ने बताया कि जॉब कैम्प में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क है।