कटिहार में शनिवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शहर की सबसे भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी न्यू मार्केट में लंबे समय से सड़क पर दुकानें लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं पर निगम ने सख्ती दिखाई। पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने पूरे मार्केट को अतिक्रमण मुक्त कराया।
मुख्य सड़क पर सब्जी दुकानें, रोज लगता था जाम
न्यू मार्केट में फुटकर विक्रेता मुख्य सड़क पर ही दुकानें लगा लेते थे, जिससे सुबह-शाम जाम की गंभीर समस्या बनी रहती थी। स्थानीय लोगों को रोजाना यातायात बाधित होने से भारी परेशानी होती थी। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई का आदेश दिया था।
नगर निगम टीम की कार्रवाई, दुकानदारों में भगदड़
कार्रवाई शुरू होते ही मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें समेटकर भागने लगे। नगर निगम कर्मियों ने कई अवैध दुकानें उखाड़कर जब्त कर लीं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क या उसके आसपास दुकान लगाने पर दोबारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान आगे भी जारी रहेगा- नगर निगम
मौके पर मौजूद नगर निगम के सहायक अभियंता अमर कुमार झा ने बताया, न्यू मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन और नगर निगम के निर्देश पर की जा रही है। पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने स्वागत किया
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया। उनका कहना है कि इससे जाम की समस्या में राहत मिलेगी और सड़क पर आवाजाही सुचारू होगी।
