शिवहर रसीदपुर गांव के निकट शिवहर-सीतामढ़ी हाईवे मुख्य सड़क के किनारे बड़ी मात्रा में कचरा फेंका जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। बताया कि सुबह उठने पर दरवाजे के सामने हाईवे पर कचरे का ढेर देख लोग दंग रह गए। मोहल्लेवासी उस कचरे से आ रही दुर्गंध ने परेशान हैं। यह समस्या गंभीर होती जा रही है। यहां पर सदर अस्पताल के कचरे को लाकर सड़क किनारे डाल दिया जा रहा है।
शिवहर-सीतामढ़ी मुख्य सड़क पर डाले गये यह कचरे पूरे सड़क पर फैल गई है, जिससे स्थानीय लोगों की दैनिक जीवनचर्या प्रभावित हो रही है। शिव शक्ति प्रेस के प्रोपराइटर दीपक कुमार ने बताया कि देर रात चुपके से सरोजा सीताराम सदर अस्पताल के कर्मी कचरे को लाकर यहां डाल दिया है। सुबह में लोगों ने देखा, तब इसकी शिकायत नगर परिषद के सभापति से की गयी। डीएम को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। बार-बार चोरी छिपे अस्पताल के कचरे को लाकर फेंक दिया जाता है।
अस्पताल के कचरे से उठने वाली बदबू इतनी तेज होती है कि लोगों को नाक पर रुमाल रखना पड़ता है। यह कचरे का ढेर पूरे सड़कों पर फैल जाते हैं। जिससे सड़क संकरी और फिसलन भरी हो जाती है और इससे लोग गिरकर घायल हो जाते हैं। रसीदपुर निवासी मुरलीधर राव, उपेंद्र पटेल आदि लोगों ने डीएम से कूड़ा निस्तारण के लिए स्थायी जगह की व्यवस्था करने की मांग की है। संतोष पटेल कहते हैं कि प्रशासन से स्थायी डंपिंग यार्ड बनाने का आश्वासन मिलते रहते हैं।
