जिलाधिकारी ने मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया/ दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने आज मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान, दरभंगा में चल रहे विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने गेस्ट हाउस, चारदिवारी, बॉयज हॉस्टल सहित अन्य विकसित की जा रही संरचनाओं की प्रगति का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह संस्थान मिथिला की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से कार्यपालक अभियंता, बीएसईआईडीसीएल को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी और विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संस्थान से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की प्रगति नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा प्रत्येक कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता (बीएसईआईडीसीएल), डीपीओ (स्थापना) दरभंगा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।