दरभंगा में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ,

डीएम की अध्यक्षता में अधिकारियों ने लिया बाल विवाह रोकने का संकल्प

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार तथा महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के निर्देशानुसार ‘100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ आज जिले में विशेष कार्यक्रम के साथ किया गया। इस अवसर पर समाहरणालय स्थित सभागार में जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मंत्रालय द्वारा प्रसारित लाइव प्रसारण को भी सामूहिक रूप से देखा।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने अपने संबोधन में कहा—
“बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके समग्र भविष्य पर गहरा असर डालने वाला गंभीर अपराध है। बच्चे स्वयं जागरूक बनें, और समाज में परिवर्तन का नेतृत्व करें—तभी बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य संभव है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन इस अभियान को जनसहभागिता से जोड़ते हुए गांव-गांव तक जागरूकता गतिविधियाँ चलाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने सामूहिक संकल्प लिया कि—
• वे अपने घर, समुदाय और कार्यक्षेत्र में किसी भी प्रकार के बाल विवाह को रोकेंगे,
• आमजन के बीच जागरूकता बढ़ाएँगे,
• और एक सुरक्षित, समानता-आधारित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।

कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) चाँदनी सिंह, जिला मिशन समन्वयक, केंद्र प्रशासक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।