राष्ट्रीय मंच पर बिहार का मान,नरमा नवानगर पंचायत की मुखिया अनुराधा सिंह को ‘कौन बनेगा करोड़पति'(केबीसी) टीम करेगी सम्मानित, महानायक अमिताभ बच्चन के हाथों मिलेगा ‘उत्कृष्ट कार्य’ का सम्मान; दरभंगा में जश्न का माहौल

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

 

 

दरभंगा जिले के नरमा नवानगर पंचायत ने एक ऐसी मिसाल कायम की है, जिसकी गूंज अब राष्ट्रीय स्तर पर सुनाई दे रही है। पंचायत स्तर पर अभूतपूर्व जनकल्याणकारी कार्यों और पारदर्शिता के लिए, नरमा नवानगर पंचायत की दो बार निर्वाचित मुखिया श्रीमती अनुराधा सिंह को देश के सबसे प्रतिष्ठित टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ केबीसी की टीम द्वारा विशिष्ट सम्मान से नवाजा जाएगा। जानकारी अनुसार
इस ऐतिहासिक सम्मान समारोह में, स्वयं महानायक अमिताभ बच्चन अपने हाथों से अनुराधा सिंह को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और विकास मॉडल के लिए सम्मानित करेंगे। यह घोषणा होते ही नरमा नवानगर पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे दरभंगा जिले में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है, और बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
विकास, पारदर्शिता और सशक्तिकरण की जीत
मुखिया अनुराधा सिंह के नेतृत्व में नरमा नवानगर पंचायत ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और सुशासन के क्षेत्र में कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं। यह सम्मान पंचायत चुनावों में जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की एक बड़ी जीत है।
गौरवान्वित मुखिया अनुराधा सिंह ने इस अवसर पर कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि नरमा नवानगर पंचायत के हर नागरिक का है। मैं आज जिस मुकाम पर हूं, वह जनता के विश्वास, सहयोग और प्रेम का परिणाम है। पंचायत में पारदर्शिता, विकास और महिलाओं को सशक्त बनाने का जो संकल्प मैंने लिया था, उसे आगे भी और मजबूती से बढ़ाती रहूंगी।” उन्होंने आगे कहा, “अमिताभ बच्चन जी जैसे महान व्यक्तित्व के हाथों सम्मानित होना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। यह पल मैं कभी नहीं भूल पाऊंगी।”
मुखिया अनुराधा सिंह के पति और दरभंगा पूर्वी जिला भाजपा महामंत्री श्री संजय सिंह पप्पू सिंह ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा,”नरमा नवानगर पंचायत की जनता ने हमेशा काम करने वाले जन प्रतिनिधि पर भरोसा किया है, और अनुराधा सिंह जी ने अपने कार्यों से इस विश्वास को बार-बार साबित किया है। उनके पंचायत के विकास के मॉडल को अब राष्ट्रीय मंच से सराहना मिल रही है, इससे बड़ा गर्व और क्या हो सकता है?”
उन्होंने इसे “हमारे पूरे क्षेत्र की मेहनत, एकजुटता और सकारात्मक सोच का प्रतीक” बताते हुए कहा कि “आज दरभंगा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो रहा है—यह पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है।”
दुसरी ओर सम्मान की खबर फैलते ही पूरे नरमा नवानगर पंचायत और दरभंगा जिले में खुशी का संचार हो गया है। स्थानीय लोग इस उपलब्धि को “नरमा नवानगर पंचायत के विकास मॉडल की राष्ट्रीय पहचान” बता रहे हैं। गांव में उत्सव जैसा माहौल है और सोशल मीडिया पर ‘बिहार का गौरव’ कहते हुए बधाइयों की बरसात हो रही है। नरमा नवानगर पंचायत का यह मॉडल अब देश भर के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा।