राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता पर फोकस: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की अहम समीक्षा बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता पर फोकस: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की अहम समीक्षा बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता पर फोकस: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की अहम समीक्षा बैठक
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
राष्ट्रीय लोक अदालत को अधिकतम सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में एक अहम समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश–सह–अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिव गोपाल मिश्र ने की। इस दौरान उन्होंने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के क्रम में न्यायाधीश श्री मिश्र ने राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी बीपीआरओ को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जैसे मध्यस्थता अभियान को जनसहभागिता से सफलता मिली, वैसे ही राष्ट्रीय लोक अदालत को भी राज्य स्तर पर सफल बनाने का प्रयास होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके माध्यम से होने वाले त्वरित समाधान के बारे में अवगत कराएं। छोटे-छोटे विवादों का एक ही दिन में निस्तारण और लोक अदालत के लाभों को जनता तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है।
थानाध्यक्षों के साथ की गई अलग बैठक में उन्होंने लोक अदालत से संबंधित नोटिस तामिले की प्रगति की जानकारी ली।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने निर्देश देते हुए कहा—
“13 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए आने वाले सप्ताह में आवश्यक रूप से सभी पक्षकारों को नोटिस प्राप्त करा दिया जाए, चाहे नोटिस न्यायालय से जारी हुए हों या बैंकों से।”
उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस तामिल कराने वाले अधिकारी एवं कर्मी शालीनता के साथ पक्षकारों को लोक अदालत के भाईचारा आधारित संदेश से अवगत कराएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोक अदालत की सफलता नोटिसों के सही समय पर पक्षकारों तक पहुँचने पर निर्भर करती है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जुनैद आलम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सुश्री आरती कुमारी भी उपस्थित रहीं।