दरभंगा समाहरणालय में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर भव्य कार्यक्रम, मंत्री मदन साहनी ने किया सामग्री व प्रोत्साहन राशि का वितरण
दरभंगा समाहरणालय में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर भव्य कार्यक्रम, मंत्री मदन साहनी ने किया सामग्री व प्रोत्साहन राशि का वितरण
दरभंगा समाहरणालय में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर भव्य कार्यक्रम, मंत्री मदन साहनी ने किया सामग्री व प्रोत्साहन राशि का वितरण
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर दरभंगा समाहरणालय परिसर में समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री मदन साहनी की गरिमामय उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे जिले से आए दिव्यांगजन, उनके परिजन, समाजसेवी तथा अधिकारी-कर्मचारी की सहभागिता से समारोह को उत्साहपूर्ण वातावरण प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत माननीय मंत्री श्री मदन साहनी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनके जीवन में नई ऊर्जा और उम्मीद जगाई।
कार्यक्रम में मंत्री महोदय द्वारा कुल 55 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 15 सामान्य उपकरण (ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी आदि), निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 02 लाभुक दंपतियों को एफडी, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 01 दंपति को एफडी, तथा नेत्रहीन एवं मूक-बधिर विद्यालय के सैकड़ों छात्रों को स्कूल ड्रेस, बैग एवं किताबें वितरित की गईं।
दोनों विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, निबंध, खेलकूद आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए गए। साथ ही, दिव्यांगता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 से अधिक दिव्यांगजनों एवं संस्थाओं को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार सरकार दिव्यांगजनों को सहानुभूति का पात्र नहीं, बल्कि समाज की मुख्य धारा का सक्रिय सदस्य मानती है। कोई भी दिव्यांगजन अपनी क्षमताओं को विकसित करने से वंचित न रहे, यह हमारा संकल्प है।” उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा, रोजगार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़े सुधार किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) चांदनी, सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण) आशीष अमन, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल, तथा वरीय उप समाहर्ता प्रियंका सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्रता से उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक आशीष अमन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।