दहेज की बलि चढ़ी दो बच्चों की मां? बिरौल में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, एफआईआर दर्ज, सास पुलिस अभिरक्षा में

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत लदहो पंचायत के बुंआरी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार देर रात, दो बच्चों की मां आरती देवी पति रविन्द्र साहु, का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। इस हृदय विदारक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही, पुलिस महकमे में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी स्वयं मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एफ एस एल की विशेष टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने हर एक पहलू पर बारीकी से और गंभीरता से जांच की।
एस डीपीओ प्रभाकर तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया यह दहेज हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
मृतिका आरती देवी के भाई, राहुल कुमार साहू के लिखित आवेदन पर, बिरौल थाने में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए, मृतिका की सास शुभकला देवी को पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखा है। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि”एफआईआर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल से एफएसएल टीम की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।