नई सरकार में पुलिस को ललकार रहे सीवान के लुटेरे, 6 दिन में ज्वेलरी दुकान से दूसरी लूट संक्षेप: सीवान में बीते 6 दिनों लूट की दो बड़ी घटनाएं घट गईं। मगंलवार को बसंतपुर थाने के खोरीपाकड़ बाजार में 6 बाइकों से आए बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप से 20 लाख के गहने लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिहार में नई सरकार की पुलिस को सीवान के लुटेरे चुनौती दे रहे हैं। 6 दिन के भीतर लूट की दो बड़ी घटना सामने आई है। मंगलवार को बसंतपुर थाने के खोरीपाकड़ बाजार में ज्वेलरी शॉप से बदमाशों ने 18-20 लाख के गहने लूट लिए। बताया जा रहा है कि बदमाश 6 बाइकों पर सवार होकर आए थे। दिनदहाड़े लूट की इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि लूट कितने की हुई, इस पर अभी तक पुलिस का कोई बयान नहीं आया।
जानकारी के मुताबिक बदमाश 20 लाख तक के गहने लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की थी। जिससे बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। और अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है।
इससे पहले रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के टाड़ी बाजार में बदमाशों ने कृष्णा ज्वेलरी शॉप में लूट को अंजाम दिया था। करीब छह बदमाश कृष्णा की दुकान पर पहुंचे और हथियार के बल पर बंधक बना लिया। फिर बदमाशों ने गहने भरे बोरे और फायरिंग करते हुए भाग निकले। फायरिंग करते हुए बदमाशों के भागने का वीडियो सामने आया था। जिसमें बाइक पर बैठे बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे थे।